खेत के कुएं पर करोड़ों की एमडी ड्रग लैब का भंडाफोड़ NCB और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में उजागर हुआ बड़ा नशा नेटवर्क.
सिरोही जिले के दांतराई गांव में पुलिस ने खेत के कुएं पर छिपी हाईटेक लैब का खुलासा किया, जहां एमडी ड्रग बनाने की तैयारी चल रही थी। पुलिस ने 35 जरीकन, 8 ड्रम केमिकल, मशीनें और लैब उपकरण जब्त किए। एनसीबी जोधपुर और गुजरात की सेंटर फॉर एक्सीलेंस टीम ने जांच में पुष्टि की कि ये सब एमडी ड्रग निर्माण में इस्तेमाल होते हैं। आरोपी भावेश उर्फ भूराराम इस नशा नेटवर्क का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से करोड़ों की ड्रग फैक्ट्री शुरू होने से पहले ही ध्वस्त हो गई।
सिरोही जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार की एक बड़ी साजिश का पर्दाफाश किया है। जिले के दांतराई क्षेत्र में कृषि कुएं के पास खेत में बनाई गई एक गुप्त लैब में एमडी (मादक पदार्थ) तैयार करने का काम चल रहा था। मुखबिर की सटीक सूचना पर सिरोही पुलिस ने दबिश देकर इस अवैध ड्रग फैक्ट्री को पकड़ लिया। यहां से करोड़ों रुपए की कीमत की केमिकल सामग्री, मशीनें और लैब उपकरण जब्त किए गए हैं।
खेत में छिपाई गई हाईटेक ड्रग लैब
पुलिस अधीक्षक प्यारेलाल शिवरान ने बताया कि दांतराई क्षेत्र में जोधाराम पुत्र कंवलाजी पुरोहित, निवासी आमपुरा रानीवाड़ा कल्ला (जालोर) के खेत में बने मकान में यह लैब संचालित हो रही थी। 4 नवंबर को जब पुलिस ने वहां छापा मारा, तो 35 जरीकन, 8 बड़े ड्रम केमिकल, कई प्लास्टिक के कंटेनर, पाउडर से भरे कट्टे, और हिटिंग मशीन, थर्मामीटर, राउंड बॉटम फ्लास्क, सेपरेटिक फनल, नोजल ट्यूब जैसे प्रयोगशाला उपकरण बरामद किए गए।