प्रतापगढ़ में महिला कॉन्स्टेबल का शव सरकारी क्वार्टर में फंदे से मिला, पुलिस जांच में जुटी
प्रतापगढ़ के छोटी सादड़ी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह महिला कॉन्स्टेबल शोम कुंवर का शव सरकारी क्वार्टर में पंखे से लटका मिला। सूचना पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।
राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले से एक दर्दनाक और गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक महिला कॉन्स्टेबल का शव उनके सरकारी आवास में फंदे से लटका मिला। घटना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और उच्च अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए। यह मामला छोटी सादड़ी थाना क्षेत्र का है, जहां गुरुवार सुबह करीब 7 बजे यह घटना सामने आई।
कैसे हुआ मामले का खुलासा?
जानकारी के अनुसार, महिला कॉन्स्टेबल शोम कुंवर (26), जो छोटी सादड़ी थाने में तैनात थीं, उस दिन ईद ड्यूटी पर जानी थीं। जब वह ड्यूटी पर नहीं पहुंचीं और उनका फोन भी रिसीव नहीं हुआ, तो उनके साथी कॉन्स्टेबल उन्हें बुलाने सरकारी क्वार्टर पहुंचे।
काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो पुलिस स्टाफ ने उच्च अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया, जहां अंदर महिला कॉन्स्टेबल का शव पंखे से लटका हुआ मिला।