प्रिंसिपल की बर्बरता: 8वीं की छात्रा को पीवीसी पाइप से पीटा, हाथों में सूजन, दी धमकी- 'घर पर बताया तो फिर मारूंगा'"
एक प्राइवेट स्कूल के प्रिंसिपल की क्रूरता का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रिंस स्कूल के प्रिंसिपल चरणजीत सिंह ने 8वीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा निकिता की पीवीसी पाइप से बेरहमी से पिटाई की
रिपोर्ट जसवंत सिंह - डीडवाना कुचामन जिले के छोटू खाटू गांव में एक प्राइवेट स्कूल के प्रिंसिपल की क्रूरता का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रिंस स्कूल के प्रिंसिपल चरणजीत सिंह ने 8वीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा निकिता की पीवीसी पाइप से बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसके दोनों हाथों और अंगूठे में गंभीर सूजन आ गई। घटना गुरुवार, 20 मार्च 2025 को हुई, जब छात्रा अपनी बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए स्कूल पहुंची थी। परिजनों ने इस मामले में खुनखुना थाने में शिकायत दर्ज कराई है और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
क्या हुआ उस दिन?
परिजनों के अनुसार, निकिता सुबह 7:30 बजे स्कूल बस से छोटू खाटू स्थित प्रिंस स्कूल गई थी। वहां 11 बजे इंग्लिश की क्लास के दौरान प्रिंसिपल चरणजीत सिंह अचानक हाथ में पीवीसी पाइप लेकर कक्षा में दाखिल हुए। शिकायत में बताया गया कि प्रिंसिपल ने पहले छात्रा के साथ अभद्र व्यवहार किया और फिर बिना किसी स्पष्ट कारण के उस पर पीवीसी पाइप से ताबड़तोड़ प्रहार शुरू कर दिए। छात्रा की चीख-पुकार के बावजूद प्रिंसिपल का गुस्सा शांत नहीं हुआ। मारपीट के बाद उन्होंने उसे धमकी दी, "अगर यह बात घर पर बताई तो कल फिर से पीटूंगा।" डरी-सहमी निकिता किसी तरह घर पहुंची, जहां उसकी हालत देखकर परिजनों के होश उड़ गए।