घर के अंदर चल रही थी 'गन फैक्ट्री', 7 साल से फरार 2 मास्टरमाइंड गिरफ्तार
राजस्थान SOG की बड़ी कामयाबी: मध्य प्रदेश के धार में दबिश देकर पिस्टल-माउजर बनाने की अवैध फैक्ट्री पकड़ी। 7 साल से फरार दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार, घर के अंदर से हथियार बनाने के उपकरण बरामद।
जयपुर/धार। राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने अवैध हथियारों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय नेटवर्क के दो मुख्य सरगनाओं को गिरफ्तार किया है। ये दोनों आरोपी पिछले 7 सालों से पुलिस की आँखों में धूल झोंककर फरार चल रहे थे। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपियों ने मध्य प्रदेश में अपने घर के भीतर ही पिस्टल और माउजर बनाने की पूरी फैक्ट्री डाल रखी थी।
मध्य प्रदेश के धार में SOG की छापेमारी
एडीजी (SOG) विशाल बंसल ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान दलवीर सिंह उर्फ बल्लू उर्फ बलवीर सरदार (54) और पण्डित उर्फ अनील डावर (28) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी मध्य प्रदेश के गंधवानी (जिला-धार) के निवासी हैं। SOG की टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर एमपी में दबिश दी और घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
घर के भीतर 'गन फैक्ट्री' का संचालन
गिरफ्तारी के बाद तलाशी के दौरान पुलिस भी दंग रह गई। आरोपियों ने अपने ही घर के एक हिस्से में अवैध हथियार बनाने का सेटअप लगा रखा था। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में पिस्टल और माउजर बनाने के उपकरण व मशीनों को जब्त किया है। ये आरोपी न केवल हथियार बनाते थे, बल्कि उन्हें राजस्थान और अन्य राज्यों के अपराधियों को सप्लाई भी करते थे।