NEET री-एग्जाम में मोबाइल से चीटिंग करने वाली छात्रा जेल भेजी गई... अंडरगारमेंट्स में छिपाकर लाई थी फोन
जयपुर में NEET-UG 2026 री-एग्जाम के दौरान मोबाइल से चीटिंग करते पकड़ी गई छात्रा को कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET)-UG 2026 री-एग्जाम के दौरान मोबाइल फोन से चीटिंग करने के आरोप में पकड़ी गई छात्रा को सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए छात्रा को न्यायिक हिरासत (ज्यूडिशियल कस्टडी) में भेज दिया। कोर्ट से बाहर निकलते समय छात्रा अपना चेहरा छिपाती नजर आई।
पुलिस अब छात्रा के कब्जे से बरामद मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच कराने की तैयारी कर रही है। जांच रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि मोबाइल का उपयोग केवल प्रश्नों के उत्तर खोजने के लिए किया गया था या परीक्षा से जुड़ी जानकारी किसी अन्य व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास भी किया गया था।
पुलिस के अनुसार यदि जांच में परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों के उपयोग की पुष्टि होती है तो संबंधित कानून के तहत छात्रा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। दोष सिद्ध होने पर पांच वर्ष तक की सजा और 10 लाख रुपए तक जुर्माने का प्रावधान है।
घटना रविवार को जयपुर के बिंदायका स्थित परीक्षा केंद्र की है। परीक्षा ड्यूटी में तैनात शिक्षकों को एक छात्रा की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। जांच करने पर उसके पास मोबाइल फोन मिला। छात्रा की पहचान प्रेम नगर गुर्जर की थड़ी निवासी हिमांशी तिवाड़ी (22) के रूप में हुई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि छात्रा ने मोबाइल को अंडरगारमेंट्स में शर्ट के बटन के नीचे छिपाकर रखा था, ताकि सुरक्षा जांच में पकड़ी न जाए।
पुलिस पूछताछ में छात्रा ने बताया कि वह परीक्षा के दौरान एआई की मदद से सवालों के जवाब खोजने के लिए मोबाइल लेकर आई थी। परीक्षा केंद्र प्रशासन ने मोबाइल जब्त कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जांच में यह भी सामने आया कि परीक्षा समाप्त होने से करीब 15 मिनट पहले छात्रा के मोबाइल में प्रश्नपत्र की तस्वीरें मौजूद थीं। हालांकि परीक्षा केंद्र के आसपास जैमर सक्रिय होने के कारण वह तस्वीरें या अन्य जानकारी बाहर नहीं भेज सकी।
प्रवेश के दौरान दो बार मेटल डिटेक्टर से अलर्ट मिलने की जानकारी भी सामने आई है। पूछताछ में छात्रा ने सुरक्षा कर्मियों को बताया था कि अलर्ट अंडरगारमेंट्स में लगे हुक की वजह से आ रहा है। इसके बाद उसे परीक्षा केंद्र में प्रवेश दे दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने छात्रा के अलावा परीक्षा केंद्र के अधीक्षक और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों से भी पूछताछ की है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद मोबाइल परीक्षा कक्ष तक कैसे पहुंचा।
Bringing truth from the ground राजस्थान और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें सरल और प्रभावी अंदाज़ में प्रस्तुत करना, ताकि हर पाठक तक सही जानकारी समय पर पहुँच सके।
V-Card