जयपुर में मोमोज बेचने वाली युवती झुलसी: पुलिसकर्मी पर खौलता पानी गिराने का आरोप, VIP मूवमेंट के दौरान हुआ विवाद
जयपुर के रामनगरिया थाना क्षेत्र में मोमोज बेचने वाली युवती और पुलिसकर्मियों के बीच विवाद हो गया।
जयपुर के रामनगरिया थाना क्षेत्र में मोमोज बेचने वाली एक युवती और पुलिसकर्मियों के बीच हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिसकर्मी ने उनकी मोमोज कार्ट को धक्का देकर पलट दिया, जिससे खौलता पानी युवती पर गिर गया और वह गंभीर रूप से झुलस गई। घटना 19 जून की शाम करीब 6:45 बजे की बताई जा रही है। मामले में 22 जून को पीड़िता की बहन ने रामनगरिया थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
कार्ट हटाने को लेकर हुआ विवाद
पीड़िता की बहन खुशबू के अनुसार, उनकी छोटी बहन रेशु गुप्ता जगतपुरा स्थित अक्षय पात्र मंदिर के पास मोमोज की कार्ट लगाती है। घटना वाले दिन भी वह रोजाना की तरह कार्ट लगाने की तैयारी कर रही थी और मोमोज के लिए पानी गर्म किया जा रहा था।
आरोप है कि इसी दौरान कुछ पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और तत्काल कार्ट हटाने के लिए दबाव बनाने लगे। रेशु ने पुलिसकर्मियों से कुछ समय देने की बात कही, क्योंकि बर्तन में पानी खौल रहा था। लेकिन आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने बिना इंतजार किए कार्ट को पीछे धकेल दिया, जिससे गर्म पानी रेशु के शरीर पर गिर गया।