टीबी से हुई मौत को बताया करंट हादसा, बीमा क्लेम के लिए रचा गया बड़ा खेल...डॉक्टर सहित गिरोह पर शिकंजा
चित्तौड़गढ़ जिले के कपासन में 2 करोड़ रुपये के बीमा घोटाले का खुलासा हुआ है। करंट लगने से मौत की झूठी कहानी बनाकर बीमा क्लेम हासिल करने की साजिश में सरकारी डॉक्टर डॉ. सुग्रीव मीणा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में करोड़ों रुपये के बीमा घोटाले का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। कपासन थाना पुलिस ने 2 करोड़ रुपये के फर्जी बीमा क्लेम मामले में राजकीय उप जिला चिकित्सालय में कार्यरत डॉ. सुग्रीव मीणा को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक की वास्तविक मौत की वजह छिपाकर करंट लगने से मौत की झूठी कहानी तैयार की गई थी, ताकि बीमा कंपनी से भारी भरकम राशि हासिल की जा सके।
केयर हेल्थ इंश्योरेंस की शिकायत से खुला मामला
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब केयर हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी ने कपासन थाने में शिकायत दर्ज करवाई। कंपनी को मृतक की मौत से जुड़े तथ्यों पर संदेह हुआ, जिसके बाद आंतरिक जांच शुरू की गई। जांच के दौरान कई ऐसे तथ्य सामने आए जिन्होंने मौत की पूरी कहानी पर सवाल खड़े कर दिए।
करंट लगने से मौत की बताई गई थी वजह
मामले के अनुसार मृतक को तड़के करीब 3 बजे अस्पताल लाया गया था, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण करंट लगना बताया गया था। इसी आधार पर बीमा क्लेम की प्रक्रिया शुरू की गई। लेकिन बाद में जांच में सामने आया कि मौत की असली वजह करंट नहीं थी।