पिता की शर्मनाक करतूत: बेटे की शादी की आड़ में प्रेमिका को बनाया दुल्हन!
रामपुर के बांसनगली गांव में शकील ने अपने प्रेम प्रसंग को छुपाने के लिए नाबालिग बेटे का रिश्ता अपनी प्रेमिका से तय किया। परिवार के विरोध और सबूत उजागर होने पर वह प्रेमिका संग सोना-पैसा लेकर फरार हो गया और उससे निकाह रचा लिया। शकील की पत्नी और बेटे ने पुलिस में शिकायत दर्ज की है।
उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के बांसनगली गांव में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने अपने प्रेम प्रसंग को छुपाने के लिए अपने नाबालिग बेटे के रिश्ते का नाटक रचा और अंततः अपनी प्रेमिका से स्वयं निकाह कर लिया। इस घटना ने न केवल परिवार को, बल्कि पूरे गांव को हतप्रभ कर दिया है।
बांसनगली गांव के रहने वाले शकील ने अपने 15 वर्षीय नाबालिग बेटे का रिश्ता 18 वर्षीय एक युवती से तय किया था। शकील की पत्नी का कहना है कि वह इस रिश्ते के खिलाफ थी, लेकिन शकील ने अपनी बात मनवाने के लिए पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट की। परिवार के विरोध के बावजूद, शकील ने जबरदस्ती रिश्ता तय कर दिया।
हैरानी की बात यह है कि रिश्ता तय होने के बाद शकील अपनी होने वाली बहू से दिन-रात मोबाइल पर बात करने लगा। परिवार वालों ने इसका विरोध किया, लेकिन शकील ने उनकी एक न सुनी और विरोध करने पर परिवार के साथ फिर से मारपीट शुरू कर दी। शकील की पत्नी को शुरू से ही शक था कि उनके पति का उनकी होने वाली बहू के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। उन्होंने यह बात अपने रिश्तेदारों को भी बताई, लेकिन किसी ने उनकी बात पर यकीन नहीं किया।