NEET पेपर लीक केस में CBI की बड़ी कार्रवाई: दो और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 13 लोग हिरासत में
NEET पेपर लीक मामले में CBI ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ है कि पेपर 5 राज्यों में बेचा गया था, जिसमें महाराष्ट्र और राजस्थान मुख्य केंद्र रहे। अब तक कुल 13 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
NEET-UG पेपर लीक मामले में CBI ने जांच को और तेज करते हुए बुधवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद इस पूरे मामले में गिरफ्तार लोगों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है।
पहले आरोपी की पहचान डॉक्टर मनोज शिरूरे के रूप में हुई है, जो महाराष्ट्र के लातूर के रहने वाले हैं। जांच में सामने आया है कि उन्होंने एक कोचिंग सेंटर मालिक के बेटे सहित तीन छात्रों को आरोपी पीवी कुलकर्णी से केमिस्ट्री का लीक प्रश्नपत्र उपलब्ध कराया था।
वहीं दूसरे आरोपी की पहचान तेजस हर्षदकुमार शाह के रूप में हुई है, जो पुणे स्थित एक मेडिकल कोचिंग सेंटर में फिजिक्स पढ़ाता है। आरोप है कि उसे फिजिक्स का लीक पेपर मनीषा हवलदार से मिला था और आगे इस पेपर को छात्रों तक पहुंचाया गया।