भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंग्लैंड के खिलाफ आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। टीम चयन में कई बड़े फैसले देखने को मिले हैं। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली की वापसी हुई है, जबकि हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ शतक जड़ने वाले युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को टीम में जगह नहीं मिली है।
विराट कोहली को आईपीएल 2026 के फाइनल के दौरान हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई थी, जिसके कारण वह अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर रहे थे। हालांकि चयनकर्ताओं ने उन्हें इंग्लैंड दौरे के लिए टीम में शामिल किया है, लेकिन अंतिम चयन से पहले उन्हें फिटनेस टेस्ट पास करना होगा।
दूसरी ओर, वर्कलोड मैनेजमेंट के चलते वनडे क्रिकेट से दूर चल रहे जसप्रीत बुमराह की भी टीम में वापसी हुई है। आगामी वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए टीम प्रबंधन बुमराह को धीरे-धीरे वनडे प्रारूप में वापस ला रहा है।
टीम चयन में सबसे बड़ा झटका यशस्वी जायसवाल को लगा है। अफगानिस्तान के खिलाफ शानदार शतकीय पारी खेलने के बावजूद उन्हें इंग्लैंड दौरे के लिए वनडे टीम में शामिल नहीं किया गया। वहीं, तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज भी चयनकर्ताओं की पसंद नहीं बन सके और उन्हें टीम से बाहर रखा गया है।
स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या भी चोट के कारण टीम का हिस्सा नहीं हैं। आईपीएल के दौरान लगी चोट के चलते वह अभी पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं। इसी वजह से वह अफगानिस्तान सीरीज भी नहीं खेल सके थे।
चयनकर्ताओं ने युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा पर भरोसा बरकरार रखा है। अफगानिस्तान के खिलाफ उन्हें टीम में शामिल तो किया गया था, लेकिन खेलने का मौका नहीं मिला था। इसके बावजूद उन्हें इंग्लैंड दौरे की टीम में जगह दी गई है। ऑलराउंडर अक्षर पटेल की भी वनडे टीम में वापसी हुई है, जबकि गुरनूर बरार ने अपनी जगह बरकरार रखी है।
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में शुभमन गिल टीम की कप्तानी करेंगे। श्रेयस अय्यर को उपकप्तान बनाया गया है। रोहित शर्मा, केएल राहुल और ईशान किशन जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी टीम का हिस्सा हैं।
भारत बनाम इंग्लैंड वनडे सीरीज का शेड्यूल:
-
पहला वनडे – 14 जुलाई, एजबेस्टन
-
दूसरा वनडे – 16 जुलाई, सोफिया गार्डन्स
-
तीसरा वनडे – 19 जुलाई, लॉर्ड्स
इंग्लैंड दौरे के लिए भारत की वनडे टीम:
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली*, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और गुरनूर बरार।
आयरलैंड टी20 सीरीज के लिए अपडेटेड भारतीय टीम:
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी और प्रसिद्ध कृष्णा।