बांसवाड़ा: लेडी कॉन्स्टेबल की बहादुरी, नहर में कूदकर सुसाइड करने जा रही महिला की बचाई जान
राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में लेडी कॉन्स्टेबल गंगा डामोर ने बहादुरी दिखाते हुए नहर में आत्महत्या करने जा रही एक महिला की जान बचाई। महिला ने उन्हें भी पानी में खींचने की कोशिश की, लेकिन कॉन्स्टेबल ने हार नहीं मानी और महिला को सुरक्षित किनारे तक लाईं। घटना का वीडियो वायरल हो रहा है।
राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में एक महिला कॉन्स्टेबल की साहसिक कार्रवाई ने एक महिला की जान बचा ली। बुधवार सुबह बारी सियातलाई गांव की नहर में आत्महत्या करने के इरादे से कूद चुकी महिला को लेडी कॉन्स्टेबल गंगा डामोर ने पानी में छलांग लगाकर बाहर निकाला। इस दौरान महिला ने कॉन्स्टेबल को कसकर पकड़ लिया और उन्हें भी पानी में खींचने की कोशिश की, लेकिन कॉन्स्टेबल ने हार नहीं मानी और महिला को किनारे तक ले आईं। घटना का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, जिसमें कॉन्स्टेबल की बहादुरी साफ झलक रही है।
