नीट छात्रा की आत्महत्या की कोशिश, शिक्षक ने समय रहते बचाई जान
जयपुर में एक 19 वर्षीय नीट छात्रा ने कोचिंग की छत से कूदकर आत्महत्या की कोशिश की, लेकिन शिक्षक की सतर्कता से उसकी जान बच गई। पढ़ाई के तनाव के कारण उसने यह कदम उठाया था।
जयपुर के महेश नगर क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक 19 वर्षीय नीट छात्रा ने कोचिंग की छत से कूदकर आत्महत्या करने की कोशिश की। लेकिन, समय रहते एक शिक्षक की सतर्कता ने उसकी जान बचा ली। यह घटना गोपालपुरा स्थित गुरु कृपा कोचिंग सेंटर में दोपहर करीब 2:15 बजे की है।
चूरू की रहने वाली यह छात्रा महेश नगर के एक पीजी हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी कर रही थी। शुक्रवार को वह कोचिंग की तीसरी मंजिल की छत पर पहुंची और दीवार पर बैठकर नीचे कूदने की तैयारी करने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने उसे देखा तो शोर मचाना शुरू कर दिया। लोग चिल्लाकर उसे रोकने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन वह बार-बार नीचे देख रही थी, जैसे हिम्मत जुटा रही हो।
