पाली में पुलिस पूछताछ के बाद ज्वेलर ने जहर खाकर दी जान, छोटे भाई ने भी की सुसाइड की कोशिश; कॉन्स्टेबल और ज्वेलर पर धमकाने के आरोप
पाली जिले के सोजत क्षेत्र में पुलिस पूछताछ और कथित धमकियों से परेशान एक ज्वेलर ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद उसके छोटे भाई ने भी डर के कारण जहर खा लिया। बड़े भाई की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि छोटे भाई का इलाज जारी है। परिजनों ने चेन्नई पुलिस के कॉन्स्टेबल और एक ज्वेलर पर धमकाने और झूठे केस में फंसाने के आरोप लगाए हैं। मामले के बाद परिजन जोधपुर एम्स में धरने पर बैठकर न्याय की मांग कर रहे हैं।
राजस्थान के पाली जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां पुलिस पूछताछ और कथित धमकियों से परेशान होकर एक युवा ज्वेलर ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद उसके छोटे भाई ने भी डर के कारण जहर खाकर सुसाइड की कोशिश की। दोनों को गंभीर हालत में जोधपुर एम्स में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान बड़े भाई की मौत हो गई, जबकि छोटे भाई का उपचार जारी है।
यह घटना सोजत क्षेत्र के बगड़ी नगर थाना इलाके के करमावास पट्टा क्षेत्र की है। मृतक की पहचान 24 वर्षीय वरदाराम के रूप में हुई है, जो अपने भाई बुधाराम (22) के साथ सोने-चांदी के कारोबार से जुड़ा था।