राजस्थान यूनिवर्सिटी में छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन, दिग्गज नेताओं के कट-आउट के साथ सरकार को चेतावनी
राजस्थान यूनिवर्सिटी में छात्रसंघ चुनाव की बहाली के लिए छात्रों ने अशोक गहलोत, गजेंद्र सिंह शेखावत जैसे नेताओं के कट-आउट के साथ अनोखा प्रदर्शन किया। छात्र नेता शुभम रेवाड़ ने सरकार से समस्याओं का समाधान कर चुनाव बहाल करने की मांग की, अन्यथा उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव की बहाली को लेकर युवाओं का आंदोलन तेज हो रहा है। बुधवार को राजस्थान यूनिवर्सिटी (आरयू) में छात्रों ने अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत समेत छात्र राजनीति से मुख्यधारा की राजनीति में आए कई दिग्गज नेताओं के कट-आउट प्रदर्शन में शामिल किए गए।
पिछले दो साल से छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर आंदोलनरत छात्र नेता शुभम रेवाड़ ने कहा, "सरकार किसी योजना को तभी बंद करती है, जब उसके नतीजे नहीं मिल रहे हों। प्रदेश सरकार ने माना था कि छात्रसंघ चुनाव का कोई परिणाम नहीं निकल रहा। लेकिन आज हम उन नेताओं के कट-आउट के साथ प्रदर्शन कर रहे हैं, जो छात्रसंघ चुनाव से निकलकर देश और प्रदेश की राजनीति में अहम भूमिका निभा रहे हैं।"
शुभम ने आगे कहा, "विधानसभा और संसद में जब भी युवाओं के मुद्दे उठते हैं, तो इन्हीं नेताओं की आवाज गूंजती है। ये लोग देश की दशा और दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। हम इन पूर्व छात्र नेताओं के माध्यम से सरकार से छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग कर रहे हैं।"