बाड़मेर में नए कलेक्टर का पहला एक्शन: अस्पताल निरीक्षण के दौरान मरीजों की शिकायत सुनकर कैंटीन व्यवस्था पर दिए बड़े संकेत
बाड़मेर के नए जिला कलेक्टर चिन्मय गोपाल ने पदभार संभालते ही जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। मरीजों से बातचीत के दौरान खाने की सुविधा न होने की शिकायत सामने आई, जिसके बाद कलेक्टर ने कैंटीन शुरू करने के संकेत दिए।
बाड़मेर के नए जिला कलेक्टर चिन्मय गोपाल ने पदभार संभालने के तुरंत बाद प्रशासनिक सक्रियता दिखाते हुए आज राजकीय जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेन्द्र सिंह धानावद, अस्पताल प्रशासन के अधिकारी और कई डॉक्टर भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का दौरा किया और वहां भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत की। उन्होंने मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
मरीजों से सीधा संवाद
अस्पताल निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मरीजों और उनके परिजनों से खुलकर बातचीत की। उन्होंने पूछा कि अस्पताल में उन्हें किस तरह की सुविधाएं मिल रही हैं और किन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इसी दौरान वेटिंग हॉल में एक महत्वपूर्ण मुद्दा सामने आया। मरीजों ने बताया कि अस्पताल परिसर में खाने की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण उन्हें या तो बाहर से खाना मंगवाना पड़ता है या घर से लाना पड़ता है।