राजस्थान में बदला मौसम: उदयपुर में झमाझम बारिश, 27 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
राजस्थान में प्री-मानसून बारिश का दौर जारी है। शुक्रवार को 16 जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि शनिवार को उदयपुर में फिर बारिश हुई।
राजस्थान में प्री-मानसून गतिविधियां लगातार सक्रिय बनी हुई हैं। शुक्रवार को राज्य के 16 जिलों में बारिश दर्ज की गई, जबकि शनिवार दोपहर बाद उदयपुर और आसपास के क्षेत्रों में फिर मौसम ने करवट ली और कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। बारिश से लोगों को उमस और भीषण गर्मी से राहत मिली, हालांकि पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में गर्मी का असर अभी भी बरकरार है।
नागौर में सबसे ज्यादा 60 मिमी बारिश
शुक्रवार को सबसे अधिक बारिश नागौर जिले के देह क्षेत्र में 60 मिमी दर्ज की गई। इसके अलावा चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़ और भीलवाड़ा के कई इलाकों में एक इंच से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई। खींवसर में 40 मिमी, अरनोद में 32 मिमी, दलोत में 27 मिमी, करेड़ा में 35 मिमी और चित्तौड़गढ़ में 28 मिमी बारिश दर्ज हुई।
श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, अजमेर, कोटा, राजसमंद, झालावाड़, जयपुर, झुंझुनूं, बांसवाड़ा, बारां, बूंदी, ब्यावर, दौसा और पाली के कई हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई।