जोधपुर में बदले की खतरनाक साजिश! पूर्व ठेकेदार ने कैंटीन संचालक को फंसाने के लिए कमरे में छिपाया डोडा पोस्त
जोधपुर के आयुर्वेद विश्वविद्यालय परिसर में कैंटीन का ठेका और ड्राइवर की नौकरी जाने से नाराज पूर्व ठेकेदार ने कथित तौर पर वर्तमान कैंटीन संचालक को एनडीपीएस के झूठे केस में फंसाने की साजिश रची।
जोधपुर: आयुर्वेद विश्वविद्यालय परिसर से बदले की एक ऐसी साजिश सामने आई है, जिसे जानकर पुलिस भी हैरान रह गई। आरोप है कि कैंटीन का ठेका हाथ से निकलने और ड्राइवर की नौकरी जाने से नाराज एक पूर्व ठेकेदार ने वर्तमान कैंटीन संचालक को झूठे एनडीपीएस केस में फंसाने की योजना बनाई।
उसने कथित तौर पर कैंटीन परिसर के एक कमरे में डोडा पोस्त छिपाया और फिर पुलिस को सूचना दिलवाई, ताकि छापेमारी के दौरान वर्तमान संचालक के खिलाफ कार्रवाई हो सके। हालांकि एएनटीएफ और करवड़ थाना पुलिस की सतर्कता के कारण साजिश का खुलासा हो गया और एक बेगुनाह जेल जाने से बच गया।
पूर्व ठेकेदार के कब्जे में था कमरा
करवड़ थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि आयुर्वेद विश्वविद्यालय परिसर स्थित हरिओम फास्ट फूड कैंटीन के एक कमरे में अवैध डोडा पोस्त रखा हुआ है। सूचना के बाद एएनटीएफ की टीम करवड़ थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंची।