शराब के नशे में तलवार लेकर जीएसएस ऑफिस पहुंचा बिजली कर्मचारी, सहकर्मियों को धमकाया
जोधपुर के गिरदीकोट जीएसएस ऑफिस में एक बिजली कर्मचारी शराब के नशे में तलवार लेकर पहुंच गया और सहकर्मियों को धमकाने लगा। पुलिस ने बाद में उसे शांतिभंग में गिरफ्तार कर लिया।
जोधपुर शहर में शुक्रवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब एक बिजली कर्मचारी शराब के नशे में तलवार लेकर गिरदीकोट जीएसएस (विद्युत सब-स्टेशन) ऑफिस पहुंच गया। आरोपी कर्मचारी ने ऑफिस में जमकर हंगामा किया और सहकर्मियों को धमकाते हुए कहा कि “किसी को नहीं छोड़ूंगा।”
यह घटना सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे की है। जानकारी के अनुसार, कर्मचारी का जीएसएस ऑफिस में ही एक अन्य कर्मचारी के साथ विवाद चल रहा था, जिसके बाद वह गुस्से में और नशे की हालत में तलवार लेकर वहां पहुंचा।
ऑफिस में मचा हड़कंप
तलवार लेकर पहुंचे कर्मचारी ने ऑफिस में मौजूद सहायक अभियंता सहित अन्य कर्मचारियों को डराना-धमकाना शुरू कर दिया। वह तलवार लहराते हुए लगातार हंगामा करता रहा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।