बालोतरा में आधी रात 3 झोपड़ियों में लगी आग, पेट्रोल छिड़ककर जलाने का शक... पुलिस जांच में जुटी
बालोतरा के समदड़ी थाना इलाके के जेठंतरी हॉल्ट गांव में देर रात तीन कच्ची झोपड़ियों में आग लग गई।
बालोतरा: जिले के समदड़ी थाना इलाके में बीती रात तीन कच्ची झोपड़ियों में एक साथ आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना जेठंतरी हॉल्ट गांव की है। गनीमत रही कि झोपड़ियों के अंदर उस वक्त कोई मौजूद नहीं था। वहां रहने वाले लोग बाहर सो रहे थे, जिससे उन्होंने समय रहते अपनी जान बचा ली।
घटना की जानकारी मिलते ही समदड़ी, कल्याणपुर और बालोतरा पुलिस मौके पर पहुंची। बालोतरा नगर परिषद से फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक तीनों झोपड़ियां पूरी तरह जल चुकी थीं। झोपड़ियों में रखा घरेलू सामान भी आग की चपेट में आकर राख हो गया।
एक साथ तीन झोपड़ियों में लगी आग
पुलिस के मुताबिक, रात करीब 10 बजे जेठंतरी गांव में तीन झोपड़ियों में अचानक आग लग गई। आग की लपटें देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने झोपड़ियों से दूरी बनाकर अपनी जान बचाई और मिट्टी व पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी।