पूर्व मंत्री प्रभुलाल सैनी का अनूठा अंदाज, सिर पर साफा, हाथ में लाठी और छाता लेकर सड़क पर चराने लगे बकरियां; वीडियो वायरल
राजस्थान के पूर्व कृषि मंत्री व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष प्रभुलाल सैनी का बूंदी जिले से एक बेहद सादगी भरा वीडियो वायरल हो रहा है। नैनवां-आंवा मार्ग पर ग्रामीणों को देखकर उन्होंने अपनी गाड़ी रुकवाई और एक आम पशुपालक की तरह हाथ में लाठी व छतरी लेकर बकरियां हांकते नजर आए।
राजनीति में अक्सर नेताओं को मंचों, रैलियों और बड़े आयोजनों में देखा जाता है, लेकिन बूंदी जिले से सामने आई एक तस्वीर ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया है। राजस्थान के पूर्व कृषि मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रभुलाल सैनी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे किसी बड़े राजनेता की तरह नहीं, बल्कि एक साधारण किसान और पशुपालक के रूप में नजर आ रहे हैं।
वायरल वीडियो में प्रभुलाल सैनी सिर पर साफा बांधे, एक हाथ में छतरी और दूसरे हाथ में लाठी थामे सड़क किनारे बकरियां हांकते दिख रहे हैं।
शोक व्यक्त कर लौटते समय बदला मिजाज
जानकारी के अनुसार, पूर्व मंत्री प्रभुलाल सैनी बूंदी जिले के नैनवां क्षेत्र में प्रमोद जैन की माताजी के निधन पर शोक व्यक्त करने पहुंचे थे। कार्यक्रम से लौटते समय नैनवां से आंवा जाने वाले मार्ग पर उन्होंने सड़क किनारे भेड़-बकरी चरा रहे पशुपालकों को देखा।