Giral Mines Protest: ‘अब तक कहां थे?’, BJP विधायक आदूराम मेघवाल पर फूटा मृतक श्रमिक के पिता का गुस्सा, मोर्चरी पर गरमाया माहौल
बाड़मेर के गिरल आंदोलन के दौरान मृतक श्रमिक के परिजनों ने मोर्चरी पर भाजपा विधायक आदूराम मेघवाल से तीखे सवाल किए। मौके पर भारी तनाव के बीच माहौल गरमा गया।
राजस्थान के बाड़मेर जिले में गिरल लिग्नाइट परियोजना से जुड़े आंदोलन के दौरान श्रमिक की मौत के बाद हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। गुरुवार को जिला अस्पताल की मोर्चरी के बाहर उस समय माहौल और गरमा गया जब भाजपा विधायक आदूराम मेघवाल वहां पहुंचे।
मृतक श्रमिक जैसाराम मेघवाल के परिजनों और ग्रामीणों ने विधायक के सामने अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की। सबसे ज्यादा आक्रोश मृतक के बुजुर्ग पिता का देखने को मिला, जिन्होंने भावुक होते हुए सीधे सवाल दाग दिया कि जब मजदूर पिछले कई दिनों से धरने पर बैठे थे, तब कोई उनकी सुध लेने क्यों नहीं आया।
