पंचायतीराज कर्मचारियों का जयपुर कूच आज से, मांगें नहीं मानीं तो CM आवास घेराव और ‘जल समाधि’ की चेतावनी
राजस्थान में पंचायतीराज मंत्रालयिक कर्मचारियों का ‘स्वाभिमान बचाओ आंदोलन’ तेज हो गया है।
राजस्थान की भजनलाल सरकार के सामने पंचायतीराज मंत्रालयिक कर्मचारियों का आंदोलन बड़ी प्रशासनिक चुनौती बनता जा रहा है। पिछले करीब 20 दिनों से ‘स्वाभिमान बचाओ आंदोलन’ के तहत पेन डाउन हड़ताल कर रहे कर्मचारियों ने अब आंदोलन को और तेज करते हुए जयपुर कूच का ऐलान कर दिया है।
पंचायतीराज मंत्रालयिक कर्मचारी संगठन के नेतृत्व में चल रहे इस आंदोलन का असर प्रदेशभर की ग्राम पंचायतों और पंचायत समितियों में साफ दिखाई दे रहा है। कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में प्रमाण पत्र, प्रशासनिक फाइलों और विकास कार्यों से जुड़ी कई सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। वहीं सरकार द्वारा आयोजित ‘ग्रामीण सेवा शिविर-2026’ का भी कर्मचारियों ने बहिष्कार कर रखा है।
संगठन ने 23 से 25 जून तक चरणबद्ध तरीके से जयपुर कूच की रणनीति बनाई है। 23 जून को सभी जिलों के पदाधिकारी जयपुर पहुंचेंगे। 24 जून को प्रदेश स्तरीय प्रतिनिधिमंडल सरकार और प्रशासनिक अधिकारियों को मांग पत्र सौंपेगा, जबकि 25 जून को ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी भी जयपुर पहुंचकर विभिन्न विभागों और सचिवालय में अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन देंगे।