दिल्ली-मुंबई इंडिगो फ्लाइट में मेडिकल इमरजेंसी, जयपुर एयरपोर्ट पर करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग
दिल्ली से मुंबई जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-322 में एक यात्री की तबीयत बिगड़ने पर मेडिकल इमरजेंसी घोषित की गई।
दिल्ली से मुंबई जा रही इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट में उस समय हड़कंप मच गया, जब उड़ान के दौरान एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ गई। यात्री की गंभीर होती हालत को देखते हुए पायलट ने तुरंत मेडिकल इमरजेंसी घोषित की और विमान को जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतारने का फैसला लिया।
जानकारी के अनुसार इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-322 दिल्ली से मुंबई के लिए रवाना हुई थी। उड़ान सामान्य रूप से जारी थी, तभी एक यात्री की तबीयत अचानक खराब हो गई। विमान में मौजूद केबिन क्रू ने तुरंत प्राथमिक उपचार और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई, लेकिन यात्री की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क कर मेडिकल इमरजेंसी की जानकारी दी और नजदीकी एयरपोर्ट पर लैंडिंग की अनुमति मांगी। यात्री की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतारने की अनुमति प्रदान की गई।