NEET पेपर लीक मामला: सीकर कोचिंग हब से CBI को मिला अहम सुराग, चर्चित केमिस्ट्री टीचर जांच के घेरे में
NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले की जांच में सीकर के एक चर्चित केमिस्ट्री टीचर और उनके कोचिंग नेटवर्क की भूमिका पर CBI की नजर है। जांच एजेंसी लेन-देन, स्टडी मटेरियल और संस्थान की गतिविधियों की गहन जांच कर रही है।
राजस्थान का सीकर शहर देशभर में NEET और JEE की तैयारी के प्रमुख केंद्र के रूप में जाना जाता है, लेकिन अब NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले की जांच ने इस शिक्षा नगरी की साख पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मामले में सीबीआई लगातार जांच को आगे बढ़ा रही है और उन सभी कड़ियों को खंगाल रही है जो कथित रूप से इस नेटवर्क से जुड़ी हो सकती हैं।
सीबीआई की जांच में तेज़ी
सीबीआई इस पूरे मामले में उन सभी लोगों की भूमिका की जांच कर रही है जो मुख्य आरोपी दिनेश बिवाल और मांगीलाल बिवाल से जुड़े हो सकते हैं। इसी कड़ी में सीकर के एक चर्चित केमिस्ट्री टीचर और पूर्व कोचिंग संचालक की गतिविधियों पर भी एजेंसी की नजर है। हालांकि अभी तक इस शिक्षक के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है, लेकिन उनके संस्थान, लेन-देन और कोचिंग से जुड़े नेटवर्क की गहन जांच जारी है।
बिवाल परिवार और कोचिंग कनेक्शन
जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, बिवाल परिवार के तीन बच्चे साल 2025 में सीकर में NEET की तैयारी के लिए आए थे। ये बच्चे कथित तौर पर उसी कोचिंग संस्थान में पढ़ रहे थे, जिसका संचालन चर्चित केमिस्ट्री टीचर द्वारा किया जा रहा था। सबसे अहम बात यह सामने आई है कि इन बच्चों की तस्वीरों का उपयोग कोचिंग के प्रमोशनल पोस्टरों और विज्ञापनों में किया गया था।