हुंकार रैली में जा रहे लोगों को पुलिस ने रोका, कुम्हेर में नोकझोंक; बेनीवाल समर्थकों के साथ भरतपुर रवाना
भरतपुर में जाट समाज की हुंकार सभा से पहले डीग जिले के कुम्हेर में पुलिस ने रैली में शामिल होने जा रहे लोगों को रोक लिया, जिससे नोकझोंक हो गई।
भरतपुर के नुमाइश मैदान में आयोजित जाट समाज की हुंकार सभा से पहले माहौल गर्माता नजर आया। डीग जिले के कुम्हेर क्षेत्र में सभा में शामिल होने जा रहे लोगों को पुलिस ने रोक लिया, जिसके बाद पुलिस और समाज के लोगों के बीच नोकझोंक की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, रैली में शामिल होने के लिए लोग डीजे और वाहनों के साथ भरतपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें रोक दिया। मौके पर कुछ देर तक बहस और तनाव की स्थिति बनी रही, हालांकि बाद में मामला शांत हो गया।
इधर, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के सुप्रीमो और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल समर्थकों के काफिले के साथ जयपुर स्थित अपने आवास से भरतपुर के लिए रवाना हो गए। दोपहर बाद उनके हुंकार सभा में पहुंचने की संभावना है।