बाड़मेर में सड़क हादसा: सांसद के घर जा रहे कांग्रेस जिलाध्यक्ष की गाड़ी की टक्कर, सभी सुरक्षित
बाड़मेर में पचपदरा के पास कांग्रेस जिलाध्यक्ष गफूर अहमद की स्कॉर्पियो की दूसरी कार से टक्कर, सभी सुरक्षित, जोधपुर कार्यक्रम के लिए रवाना।
राजस्थान के बाड़मेर जिले में मंगलवार को नेशनल हाईवे 25 पर पचपदरा बायपास रोड के चार रास्ते पर एक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में बाड़मेर कांग्रेस जिलाध्यक्ष गफूर अहमद की स्कॉर्पियो कार सामने से आ रही एक अन्य कार से टकरा गई। गफूर अहमद अपनी पत्नी और धनाऊ पंचायत समिति की प्रधान शम्मा बानो तथा हाजी इब्राहीम खान के साथ बाड़मेर-जैसलमेर सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल के घर के उद्घाटन समारोह में शामिल होने जोधपुर जा रहे थे।
हादसा पचपदरा बायपास रोड पर उस समय हुआ जब गफूर अहमद की स्कॉर्पियो और सामने से आ रही एक कार आपस में भिड़ गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे की वजह सड़क पर बना स्पीड ब्रेकर हो सकता है, जिसके कारण वाहनों का नियंत्रण बिगड़ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो का साइड हिस्सा और सामने वाली कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में दोनों वाहनों में सवार पांच लोगों को मामूली चोटें आईं, लेकिन सभी सुरक्षित हैं।