तीन महिला तस्कर गिरफ्तार: गांजा, स्मैक और नकदी के साथ धरे गए, पुराने केस भी उजागर
तीन महिला तस्करों को गिरफ्तार कर 937 ग्राम गांजा, 2.2 ग्राम स्मैक और 39 हजार रुपये नकद जब्त किए। इनके खिलाफ पहले से कई तस्करी के मामले दर्ज हैं।
सीकर जिले की विशेष शाखा और दांतारामगढ़ पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाली एक महिला गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन महिलाओं को हिरासत में लिया है, जिनके पास से 937 ग्राम गांजा, 2.2 ग्राम स्मैक और 39 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इन महिलाओं के खिलाफ पहले से ही तस्करी के कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि दांतारामगढ़ के वार्ड नंबर-19, सांसियों का मोहल्ला, में कुछ महिलाएं छिपकर नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार कर रही हैं। इसके बाद पुलिस ने गुप्त निगरानी शुरू की और अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर इन तस्करों को पकड़ा। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में गांजा, स्मैक और नकदी जब्त की गई।
पकड़ी गईं आरोपी महिलाओं की पहचान
गिरफ्तार की गईं महिलाओं की पहचान धन्नो देवी (32 वर्ष), संतरा देवी (55 वर्ष) और संतोष देवी (50 वर्ष) के रूप में हुई है। ये तीनों दांतारामगढ़, सीकर की निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, ये महिलाएं पहले भी तस्करी के कई मामलों में शामिल रही हैं और काफी चालाकी से अपना कारोबार चला रही थीं।