कोरोना की फिर दस्तक: जयपुर में युवक समेत दो की मौत, जोधपुर में 40 दिन का नवजात संक्रमित
तीन दिन में जोधपुर में मिले 9 नए केस, दो नवजातों में अब तक संक्रमण की पुष्टि
जयपुर/जोधपुर: राजस्थान में कोरोना वायरस एक बार फिर चिंता बढ़ा रहा है। सोमवार को प्रदेश में कोरोना से दो मौतें हुईं, जिनमें एक 26 वर्षीय युवक शामिल है। वहीं, कुल 9 नए मरीजों की पुष्टि हुई है, जिनमें 40 दिन का एक नवजात शिशु भी शामिल है।
जयपुर में दो मौतें, पांच नए केस
जयपुर में सोमवार को कोरोना से दो लोगों की मौत हुई। रेलवे स्टेशन पर एक व्यक्ति मृत मिला था, जिसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं, एक निजी अस्पताल में भर्ती 26 साल के युवक ने दम तोड़ दिया। युवक पहले से टीबी की बीमारी से जूझ रहा था।
शहर में सोमवार को कुल 5 नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इनमें एक युवक हाल ही में थाईलैंड यात्रा से लौटा था, जिससे संक्रमण का शक जताया जा रहा है।