महंगाई और नीट पेपर लीक के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, बाड़मेर कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन
बाड़मेर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई, पेट्रोल-डीजल और गैस की बढ़ती कीमतों, नीट पेपर लीक, किसानों की समस्याओं तथा बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर जिला कलेक्ट्रेट के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।
बाड़मेर। राजस्थान में भाजपा सरकार के ढाई साल पूरे होने के बाद विपक्षी कांग्रेस अब जनहित के मुद्दों को लेकर सड़कों पर उतर आई है। इसी कड़ी में सोमवार को बाड़मेर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में महंगाई, नीट परीक्षा पेपर लीक, किसानों की समस्याओं, बिजली-पानी संकट और कानून व्यवस्था के मुद्दे को लेकर जिला कलेक्ट्रेट के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया।
महावीर पार्क से शुरू हुए इस प्रदर्शन में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार विरोधी नारे लगाए और कलेक्ट्रेट तक मार्च निकाला। इसके बाद राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन बाड़मेर एसडीएम को सौंपा गया।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देवाराम ने कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि से हर वर्ग प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि डबल इंजन की सरकार में युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है और विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के साथ अब नीट परीक्षा में भी पेपर लीक का मामला सामने आया है। उन्होंने नीट पेपर लीक प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।