ट्रांसफर की मांग पर अड़े शिक्षक... जयपुर में धरना तेज, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग !
राजस्थान में तृतीय श्रेणी शिक्षकों का तबादला आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। जयपुर के शहीद स्मारक पर धरना दे रहे शिक्षकों ने शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के इस्तीफे की मांग की है।
राजस्थान में तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादलों को लेकर शुरू हुआ आंदोलन अब लगातार उग्र होता जा रहा है। जयपुर के शहीद स्मारक पर हजारों शिक्षक अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं। प्रदर्शन कर रहे शिक्षक सरकार से जल्द ट्रांसफर नीति लागू करने और वर्षों से लंबित तबादलों पर फैसला लेने की मांग कर रहे हैं। इस बीच आंदोलन ने नया मोड़ तब ले लिया, जब एक शिक्षक ने आत्म*दाह की चेतावनी दे दी और धरना स्थल पर पुलिस के पहुंचते ही शिक्षकों ने राष्ट्रगान गाना शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारी शिक्षकों का कहना है कि लंबे समय से तबादलों की मांग की जा रही है, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। उनका आरोप है कि धरना समाप्त कराने के लिए प्रशासन ने बिजली, पानी और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं बंद कर दीं, जिससे विशेष रूप से महिला शिक्षिकाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
धरने के दौरान बुधवार देर शाम पुलिसकर्मी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे तो शिक्षकों ने विरोध जताने के लिए राष्ट्रगान गाना शुरू कर दिया। राष्ट्रगान शुरू होते ही वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को भी सम्मान में रुकना पड़ा। शिक्षकों का यह तरीका सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।