22 लाख पर दामाद की नीयत हुई खराब! दोस्तों संग मिलकर ससुराल में लगाई सेंध, 13 लाख बरामद
बीकानेर के खाजूवाला क्षेत्र में एक दामाद ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर ससुराल में सेंध लगाकर 22 लाख रुपए चोरी कर लिए।
राजस्थान के बीकानेर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक दामाद ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर ससुराल में सेंध लगाकर 22 लाख रुपए चोरी कर लिए। खेत बेचने के बाद घर में रखी रकम की जानकारी मिलने पर आरोपियों ने वारदात की साजिश रची और रात के अंधेरे में उसे अंजाम दे दिया।
मामला खाजूवाला थाना क्षेत्र के चक 17 बीडी गांव का है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी दामाद और उसके दोनों साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही चोरी की रकम में से 13 लाख 35 हजार रुपए भी बरामद कर लिए गए हैं। शेष करीब 9 लाख रुपए की तलाश जारी है।
खेत बेचने के पैसों पर थी नजर
खाजूवाला थाना प्रभारी सुरेंद्र प्रजापत ने बताया कि 17 जून को चक 17 बीडी निवासी गिरधारीराम मेघवाल ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि 16 जून को उनके घर में रखे 22 लाख रुपए चोरी हो गए।