हिंगलाज मंदिर के पास फिल्मी स्टाइल में मुठभेड़: तस्करों ने पुलिस पर चलाई गोली, एक को लगी गोली, डोडा-पोस्त से भरी कार जब्त
बालोतरा जिले के सिवाना थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के हिंगलाज मंदिर के पास एक हाई-वोल्टेज ड्रामे ने इलाके में सनसनी मचा दी। डोडा-पोस्त की तस्करी कर रहे दो तस्करों और पुलिस के बीच हुई जबरदस्त मुठभेड़ में एक तस्कर को गोली लगी, जबकि दूसरा पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
रिपोर्ट जसवंत सिंह शिवकर - बालोतरा जिले के सिवाना थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के हिंगलाज मंदिर के पास एक हाई-वोल्टेज ड्रामे ने इलाके में सनसनी मचा दी। डोडा-पोस्त की तस्करी कर रहे दो तस्करों और पुलिस के बीच हुई जबरदस्त मुठभेड़ में एक तस्कर को गोली लगी, जबकि दूसरा पुलिस के हत्थे चढ़ गया। तस्करों की कार से भारी मात्रा में डोडा-पोस्त बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। इस फिल्मी अंदाज वाली कार्रवाई में घायल तस्कर को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया है। बालोतरा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरिशंकर ने स्वयं घटनास्थल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
मुखबिर की सूचना ने शुरू किया एक्शन
पुलिस को मंगलवार देर रात मुखबिर से पक्की खबर मिली थी कि डोडा-पोस्त से भरी एक कार सिवाना की ओर आ रही है। इस सूचना पर तुरंत हरकत में आई सिवाना पुलिस ने डीएसपी नीरज कुमार शर्मा के नेतृत्व में जिला विशेष टीम (डीएसटी), जिला अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (डीसीआरबी) और सिवाना थाना पुलिस के साथ मिलकर रणनीति बनाई। अलसुबह हिंगलाज मंदिर के पास नाकाबंदी की गई, ताकि तस्करों को धर दबोचा जा सके।