जयपुर में दर्दनाक हादसा: ओवरस्पीड ट्रेलर ने मां-बेटे को कुचला, दोनों की मौके पर मौत
जयपुर के हरमाड़ा क्षेत्र में एक ओवरस्पीड ट्रेलर ने बाइक सवार मां-बेटे को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
राजधानी जयपुर में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां और बेटे की जान चली गई। हरमाड़ा थाना क्षेत्र के नींदड़ मोड़ पर एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार मां-बेटे को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रेलर के नीचे आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार हादसा सुबह करीब 9 बजे हुआ। सीमेंट से भरा एक ट्रेलर चौमूं से जयपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान नींदड़ मोड़ के पास आगे चल रही बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। बाइक पर 40 वर्षीय संगीता और उनका 18 वर्षीय बेटा कृष सवार थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर गए और ट्रेलर उन्हें रौंदता हुआ आगे निकल गया। हादसा इतना भयावह था कि मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।