प्रेमी के साथ जिंदगी बसाने की चाहत: पत्नी ने पति की हत्या की रची साजिश
जयपुर में युवक की गला रेतकर हत्या के ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया।
राजधानी जयपुर में मध्यप्रदेश के एक युवक की गला रेतकर हत्या करने के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी मोनू जाटव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मृतक की पत्नी को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
डीसीपी साउथ राजर्षि राज ने बताया कि 12 जून को मांगीलाल जाटव ने शिप्रापथ थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया गया कि उसका भतीजा महेश जाटव (30), जो जयपुर के त्रिवेणी नगर क्षेत्र में मजदूरी करता था, को मोनू चौधरी शराब पिलाने के बहाने अपने साथ ले गया था। बाद में उसका शव त्रिवेणी पुलिया के नीचे लहूलुहान हालत में मिला।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था, लेकिन पुलिस ने करीब 50 किलोमीटर तक पीछा कर उसे टोंक रोड स्थित रिंग रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।