दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज: तेज आंधी-बारिश से मिली राहत, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में अचानक मौसम ने करवट ले ली है। कई इलाकों में तेज आंधी और बारिश का दौर शुरू हो गया है।
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली और एनसीआर के लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। गुरुवार दोपहर अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और कई इलाकों में काले बादल छा गए। इसके बाद नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और दिल्ली के कई हिस्सों में तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई।
मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है। तेज हवाओं और बारिश के कारण सड़कों पर वाहन चालकों को भी सावधानी बरतनी पड़ रही है।
IMD ने जारी किया येलो अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर के लिए 4 और 5 जून को येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन दो दिनों के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और आंधी-तूफान की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।