रेलवे स्टेशन पहुंचीं दिया कुमारी, ट्रेन में यात्रियों संग किया सफर; PM मोदी की मुहिम को लेकर की अपील
जयपुर से अजमेर ट्रेन यात्रा के दौरान उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने यात्रियों से संवाद कर पब्लिक ट्रांसपोर्ट और स्वदेशी अपनाने की अपील की।
जयपुर। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी रविवार को जयपुर रेलवे स्टेशन से ट्रेन द्वारा अजमेर के लिए रवाना हुईं। इस दौरान उनका अंदाज पूरी तरह आम यात्रियों जैसा नजर आया। ट्रेन में सफर करते हुए उन्होंने यात्रियों से आत्मीय बातचीत की और देशहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण संदेश साझा किए। उपमुख्यमंत्री को अपने बीच देखकर यात्रियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कई यात्रियों ने उनके साथ बातचीत की तो कुछ ने तस्वीरें भी खिंचवाईं।
सफर के दौरान दिया कुमारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुहिमों का जिक्र करते हुए कहा कि देश को मजबूत बनाने में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करने की अपील की। उनका कहना था कि यदि आम नागरिक और जनप्रतिनिधि मिलकर सार्वजनिक परिवहन को अपनाएंगे तो इससे ईंधन की बचत होगी, प्रदूषण कम होगा और देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।