देशभर में मौसम का बड़ा बदलाव: 29 मई से 5 जून तक प्री-मानसून बारिश के आसार, कई राज्यों में हीटवेव जारी
देश के 80-90% हिस्से में 29 मई से 5 जून के बीच प्री-मानसून बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून अभी केरल नहीं पहुंचा है, लेकिन अगले कुछ दिनों में इसके आगे बढ़ने की संभावना है। वहीं उत्तर भारत, राजस्थान, यूपी, महाराष्ट्र और मध्य भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर जारी है।
देशभर में भीषण गर्मी और हीटवेव के बीच मौसम में बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग और अंतरराष्ट्रीय मौसम एजेंसियों के पूर्वानुमान के अनुसार, 29 मई से 5 जून के बीच भारत के करीब 80 से 90 प्रतिशत हिस्सों में प्री-मानसून बारिश हो सकती है। यह बदलाव इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि दक्षिण-पश्चिम मानसून अब तक केरल नहीं पहुंचा है, जबकि भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने इसके 26 मई तक पहुंचने का अनुमान जताया था।
केरल में मानसून की एंट्री अभी बाकी
मौसम विभाग के अनुसार, केरल में मानसून की आधिकारिक एंट्री के लिए राज्य के 14 तय मौसम स्टेशनों पर लगातार दो दिन तक कम से कम 2.5 मिलीमीटर बारिश होना जरूरी होता है। फिलहाल दक्षिण-मध्य अरब सागर में बने चक्रवाती सर्कुलेशन के कारण बादलों की सक्रियता कमजोर हुई है, जिससे मानसून की रफ्तार धीमी पड़ी है। हालांकि अगले 2 से 3 दिनों में मानसून के आगे बढ़ने की संभावना जताई गई है।
ECMWF ने जताई व्यापक बारिश की संभावना
यूरोपीय मौसम एजेंसी यूरोपियन सेंटर फॉर मीडियम-रेंज वेदर फोरकास्ट्स (ECMWF) ने अगले 15 दिनों का मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। एजेंसी के अनुसार दक्षिण भारत, पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर राज्यों और बंगाल की खाड़ी से जुड़े इलाकों में अगले आठ दिनों के दौरान अच्छी बारिश हो सकती है। यह अनुमान सैटेलाइट, समुद्री और वायुमंडलीय डेटा के आधार पर तैयार किया गया है।