प्यार की आड़ में बेवफाई: पति को प्रेमी संग मिलकर बेरहमी से कुचला
औरंगाबाद में पूजा कुमारी ने प्रेमी कमलेश यादव के साथ मिलकर पति बिक्कु कुमार की पिटाई कर स्कॉर्पियो से कुचलकर हत्या कर दी। पुलिस ने पूजा को गिरफ्तार किया, जबकि कमलेश फरार है।
Web Desk Verified Media or Organization • 11 Jun, 2026Sub Editor
June 29, 2025 • 2:05 PM 1.3k
क
क्राइम
NEWS CARD
“प्यार की आड़ में बेवफाई: पति को प्रेमी संग मिलकर बेरहमी से कुचला”
बिहार के औरंगाबाद जिले में एक सनसनीखेज हत्याकांड ने सबको झकझोर कर रख दिया है। एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की बेरहमी से हत्या कर दी। पहले पति की पिटाई की गई, फिर उसे सड़क पर फेंककर स्कॉर्पियो गाड़ी से कुचल दिया गया। इस घटना में राज मिस्त्री बिक्कु कुमार (32) की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस ने मृतक की पत्नी पूजा कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका प्रेमी कमलेश यादव फरार है।
21 जून को बिक्कु कुमार का शव औरंगाबाद के झिकटिया गांव के पास सड़क किनारे मिला था। शव पर गंभीर चोटों के निशान थे। पुलिस को मृतक की जेब से एक मोबाइल फोन मिला, जिसके कॉल डिटेल्स की जांच के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। जांच में पता चला कि बिक्कु की पत्नी पूजा और उसके प्रेमी कमलेश यादव ने मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया।
मां ने बताया दर्दनाक सच
मृतक की मां सविता देवी ने बताया, "कमलेश अक्सर पूजा से मिलने हमारे घर आता था। जब मैं या कोई और इसका विरोध करता, तो वह रिवॉल्वर दिखाकर जान से मारने की धमकी देता था। वह बच्चों को कमरे में बंद कर देता और पूजा के साथ एक कमरे में चला जाता।" सविता ने आगे कहा, "मेरा बेटा राज मिस्त्री था और काम के सिलसिले में अक्सर बाहर रहता था। मैं शहर के एक हॉस्टल में साफ-सफाई का काम करती हूं। पूजा ने धोखे से बिक्कु को अपने साथ ले गई। गया से लौटते समय उसने बहाना बनाकर उसे घोंटा गांव ले जाने की बात कही और रास्ते में कमलेश को बुला लिया।"
पुलिस और मृतक की मां के बयान के अनुसार, गाड़ी में बैठने के बाद बिक्कु को कुछ शक हुआ। जब उसने पूजा से सवाल किया, तो वह उससे झगड़ने लगी। इसके बाद कमलेश ने बिक्कु की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। उसे अधमरा कर सड़क किनारे फेंक दिया गया। इसके बाद पूजा और कमलेश ने स्कॉर्पियो गाड़ी से बिक्कु को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार का गुस्सा और दुख
मृतक के चाचा वीरेंद्र यादव ने बताया, "पूजा चार बच्चों की मां है, फिर भी उसका मसूद गांव के कमलेश यादव के साथ चार साल से अफेयर चल रहा था। कमलेश अपनी बुलेट और ब्लैक स्कॉर्पियो से पूजा से मिलने आता था। मैंने कई बार पूजा को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह मेरी बात को झुठला देती थी। इस बार उसने प्लानिंग के तहत बिक्कु को अपने साथ ले गई और उसकी हत्या कर दी।" वीरेंद्र ने गुस्से में कहा, "जैसी मेरे भतीजे की मौत हुई, वैसी ही सजा पूजा और कमलेश को मिलनी चाहिए। कानून को ऐसा उदाहरण पेश करना चाहिए कि कोई इस तरह का अपराध करने की हिम्मत न करे।"
मृतक के बेटे सौरभ कुमार ने बताया, "मम्मी और पापा इलाज के लिए गए थे। शाम को मम्मी अकेले घर लौटी और बोली कि पापा मौसी के घर घोंटा गांव चले गए हैं। बाद में पता चला कि उनकी मौत हो गई। मम्मी कहती थी कि पापा उनके साथ मारपीट करते हैं, लेकिन पापा ऐसा नहीं करते थे। वह कमलेश से फोन पर बात करती थी और उसी के साथ मिलकर पापा की हत्या कर दी।"
अफेयर की शुरुआत
पुलिस और ससुराल वालों के अनुसार, पूजा और कमलेश का अफेयर चार साल पहले शुरू हुआ था। बिक्कु चार साल पहले एक मकान निर्माण के लिए गया था, जो कमलेश के रिश्तेदार का था। वहां कमलेश अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से आया था, जहां उसकी बिक्कु से जान-पहचान हुई। कई बार कमलेश ने बिक्कु को अपनी गाड़ी से घर छोड़ा। इस दौरान बिक्कु ने कमलेश से कुछ पैसे उधार लिए थे। कमलेश की गाड़ी और पैसे देखकर पूजा उसकी ओर आकर्षित हो गई। जरूरत पड़ने पर पूजा कमलेश से पैसे मांगती थी, जिसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। कमलेश अक्सर पूजा से मिलने घर आने लगा।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने पूजा कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है और कमलेश यादव की तलाश में छापेमारी कर रही है। पुलिस के अनुसार, यह एक सुनियोजित साजिश थी, जिसमें पूजा ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। मामले की जांच जारी है, और पुलिस कमलेश के ठिकानों पर दबिश दे रही है।