जयपुर में ज्वेलर को गैंगस्टर के नाम पर धमकी: रोहित गोदारा-वीरेंद्र चारण गैंग के नाम से मांगी ₹5 करोड़ की रंगदारी
जयपुर के एक कारोबारी के मोबाइल पर आया एक वॉयस मैसेज, और उसके बाद पूरे परिवार की रातों की नींद उड़ गई। मैसेज में ऐसा क्या था कि मामला सीधे पुलिस तक पहुंच गया, अब शहर में इसकी चर्चा तेज हो गई है।
राजधानी जयपुर में कारोबारियों को गैंगस्टर के नाम पर धमकियां मिलने के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला झोटवाड़ा इलाके से सामने आया है, जहां एक ज्वेलर को गैंगस्टर रोहित गोदारा और वीरेंद्र चारण गैंग के नाम से धमकी देकर ₹5 करोड़ की रंगदारी मांगी गई है। घटना के बाद व्यापारी और उसका परिवार भय के माहौल में जी रहा है।
जानकारी के मुताबिक, झोटवाड़ा निवासी ज्वेलर हुकुम सिंह कुम्पावत उर्फ हुकमसिंह आकडावास ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित ने बताया कि 6 मई को उनके मोबाइल फोन पर एक वॉयस मैसेज आया था। मैसेज भेजने वाले व्यक्ति ने खुद को गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग से जुड़ा वीरेंद्र चारण बताया।
वॉयस मैसेज में आरोपी ने ज्वेलर से ₹5 करोड़ की रंगदारी मांगी और पैसे नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। आरोपी ने साफ कहा कि अगर रकम नहीं दी गई तो ज्वेलर और उसके परिवार की जान को खतरा हो सकता है। धमकी भरे मैसेज के बाद कारोबारी परिवार में दहशत फैल गई।