जैसलमेर में जीरे की खरीद शुरू: पहले 5 किसानों का सम्मान, नीलामी का शुभारंभ
जैसलमेर के कृषि उपज मंडी प्रांगण में बहुप्रतीक्षित जीरे की खरीद प्रक्रिया की शुरुआत हो गई है। अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (ADM) व मंडी समिति प्रशासक परसाराम सैनी ने गणेश पूजन के साथ नीलामी प्रक्रिया का शुभारंभ किया।
रिपोर्ट जसवंत सिंह शिवकर - जैसलमेर, 27 मार्च 2025: जैसलमेर के कृषि उपज मंडी प्रांगण में बहुप्रतीक्षित जीरे की खरीद प्रक्रिया की शुरुआत हो गई है। अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (ADM) व मंडी समिति प्रशासक परसाराम सैनी ने गणेश पूजन के साथ नीलामी प्रक्रिया का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मंडी में जीरा लेकर आने वाले पहले 5 किसानों को सम्मानित भी किया गया, जिससे स्थानीय किसानों में उत्साह का माहौल देखा गया।
बजट घोषणा का असर
गौरतलब है कि राज्य सरकार ने बजट 2024-25 में जैसलमेर में जीरा मंडी स्थापित करने की घोषणा की थी। इस घोषणा को अमलीजामा पहनाते हुए मुख्य मंडी परिसर में उपलब्ध आधारभूत संरचना का उपयोग कर जीरे की खुली नीलामी बोली के जरिए खरीद प्रक्रिया शुरू की गई है। यह कदम क्षेत्र के किसानों के लिए एक बड़ी राहत माना जा रहा है, क्योंकि अब उन्हें अपनी उपज बेचने के लिए दूर-दराज के बाजारों का रुख नहीं करना पड़ेगा।