गेट पर ताला, बैग ज़मीन पर: लोहिड़ी में प्रधानाचार्य के ट्रांसफर के विरोध में प्रदर्शन
लोहिड़ी गांव में ग्रामीणों ने प्रधानाचार्य जगदीश कुमार के स्थानांतरण के खिलाफ विद्यालय गेट पर ताला जड़कर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि उनके कार्यकाल में शिक्षा व्यवस्था में सुधार हुआ, और स्थानांतरण रद्द करने की मांग की। आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई है।
सिणधरी उपखण्ड के लोहिड़ी गांव में आज राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के गेट पर ग्रामीणों ने ताला जड़कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन विद्यालय के प्रधानाचार्य जगदीश कुमार के अचानक स्थानांतरण के खिलाफ किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि जगदीश कुमार के नेतृत्व में विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, और उनका स्थानांतरण रद्द किया जाना चाहिए।
शिक्षा व्यवस्था पर पड़ेगा असर
लोहिड़ी गांव के सैकड़ों ग्रामीण सुबह से ही विद्यालय के मुख्य गेट पर एकत्रित हो गए और नारेबाजी करते हुए प्रशासन के खिलाफ अपना रोष जताया। ग्रामीणों का कहना है कि प्रधानाचार्य जगदीश कुमार ने अपने कार्यकाल में विद्यालय में अनुशासन, शिक्षा की गुणवत्ता और परीक्षा परिणामों में उल्लेखनीय प्रगति की है। उनकी मेहनत से विद्यार्थियों का शैक्षणिक स्तर बेहतर हुआ है, और अचानक स्थानांतरण से यह प्रगति प्रभावित हो सकती है।
