डोटासरा का CM भजनलाल पर हमला: बोले- दिल्ली सिर्फ धोक-प्रणाम करने जाते हैं, राजस्थान के लिए कुछ नहीं लाते
सीकर में पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केवल इवेंट मैनेजमेंट की राजनीति कर रही है, जबकि जनता के मूलभूत मुद्दों की अनदेखी की जा रही है। डोटासरा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दिल्ली केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को धोक-प्रणाम करने जाते हैं, लेकिन राजस्थान के लिए कोई विशेष उपलब्धि या आर्थिक सहायता लेकर नहीं आते।
शनिवार देर रात सीकर स्थित अपने आवास पर मीडिया से बातचीत करते हुए डोटासरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल के कार्यकाल को लेकर बड़े-बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, लेकिन जनता को यह भी बताया जाना चाहिए कि इन वर्षों में आम लोगों को क्या लाभ मिला है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को भरतपुर में देवदर्शन के लिए समय मिल जाता है, लेकिन युवाओं और बेरोजगारों की समस्याएं सुनने के लिए समय नहीं है। प्रदेश में बिजली कटौती, पानी की समस्या और किसानों की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार इन मुद्दों पर गंभीर नजर नहीं आ रही।