भीलवाड़ा को मिलेगी ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत, एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट की डीपीआर तैयार करने का काम शुरू
भीलवाड़ा शहर में गायत्री आश्रम से रामधाम तक प्रस्तावित 2.49 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट की डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
भीलवाड़ा शहर में लंबे समय से ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए राहतभरी खबर है। गायत्री आश्रम से रामधाम तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड परियोजना अब धरातल पर उतरती नजर आने लगी है। बजट घोषणा 2026-27 के तहत प्रस्तावित इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए केंद्रीय एजेंसी इंजीनियरिंग प्रोजेक्ट्स इंडिया लिमिटेड (EPIL), नई दिल्ली ने काम शुरू कर दिया है।
करीब 303.48 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत वाली इस परियोजना के तहत 2.490 किलोमीटर लंबा और चार लेन का एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया जाएगा। परियोजना के लिए 18 फरवरी 2026 को एलओए जारी किया गया था, जबकि 15 अप्रैल 2026 को आधिकारिक अनुबंध हुआ। डीपीआर तैयार करने पर करीब 5 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
मार्च 2025 में शहर के प्रमुख और व्यस्ततम चौराहों पर किए गए ट्रैफिक सर्वे में चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए थे। गंगापुर चौराहे पर प्रतिदिन 82,484 वाहन, वीर तेजाजी सर्किल पर 76,576 वाहन और अजमेर चौराहे पर 66,060 वाहन दर्ज किए गए। सर्वे में पाया गया कि शहर का 50 प्रतिशत से अधिक ट्रैफिक इसी मुख्य कॉरिडोर से गुजरता है, जिसके चलते यहां ग्रेड सेपरेटेड एलिवेटेड कॉरिडोर को सबसे प्रभावी और दीर्घकालिक समाधान माना गया।