खेती-बाड़ी और मजदूरी कर बेटे को पढ़ाया हादसे ने छीना होनहार बेटा: गुजरात प्लेन क्रैश में बाड़मेर के MBBS छात्र जयप्रकाश की दर्दनाक मौत
अहमदाबाद में गुरुवार को एयर इंडिया के विमान क्रैश में बाड़मेर के 20 वर्षीय MBBS छात्र जयप्रकाश चौधरी की मौत हो गई। हादसे के वक्त वह बीजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल मैस में खाना खा रहा था। मलबा गिरने और 30% जलने से उसकी जान चली गई। जयप्रकाश ने नीट में 675 अंक लाकर 2023 में कॉलेज में दाखिला लिया था। उसके पिता धर्माराम ने कर्ज लेकर उसे पढ़ाया। परिवार शुक्रवार को बॉडी लेकर गांव पहुंचा, जहां शोक की लहर है। जिला प्रशासन और बीजेपी नेताओं ने परिवार को सांत्वना दी।बाड़मेर एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने जयप्रकाश के पिता धर्माराम की CM भजनलाल शर्मा से बात करवाई। CM ने घटना पर दुख जताते हुए परिवार को सांत्वना दी।
गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार को हुए एक दर्दनाक विमान हादसे में बाड़मेर के 20 वर्षीय MBBS छात्र जयप्रकाश चौधरी की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब एयर इंडिया का एक विमान, जो अहमदाबाद से लंदन के गेटविक एयरपोर्ट जा रहा था, उड़ान भरने के दो मिनट बाद ही मेघाणी नगर में सिटी सिविल हॉस्पिटल और बीजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल पर क्रैश हो गया। जयप्रकाश इसी कॉलेज में MBBS की पढ़ाई कर रहा था।
हादसे के समय जयप्रकाश हॉस्टल के मैस में खाना खा रहा था। वह किचन में रोटी लेने गया था, तभी विमान किचन की दीवार से टकराया। मलबा गिरने से जयप्रकाश 30 प्रतिशत जल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में मैस के बरामदे में खाना खा रहे अन्य छात्र भी घायल हुए। जयप्रकाश का मोबाइल धुएं और मलबे के कारण क्षतिग्रस्त हालत में मिला।