जयपुर में मुहर्रम पर हाई अलर्ट: 3 हजार पुलिसकर्मी तैनात, परकोटा में नो-एंट्री, कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट
जयपुर में मुहर्रम के ताजिया जुलूस को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। 3 हजार पुलिसकर्मी, ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी होगी।
Kashish Sain Verified Public Figure • 11 Jun, 2026Sub Editor
June 26, 2026 • 1:53 PM 2
र
राजस्थान
NEWS CARD
“जयपुर में मुहर्रम पर हाई अलर्ट: 3 हजार पुलिसकर्मी तैनात, परकोटा में नो-एंट्री, कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट”
Read more onthekhatak.com/s/2b3cc9
26 Jun 2026
https://thekhatak.com/s/2b3cc9
Copied
राजधानी जयपुर में मुहर्रम के अवसर पर निकलने वाले ताजिया जुलूसों को लेकर पुलिस और जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की व्यवस्था लागू कर दी है। परकोटा क्षेत्र के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी, जबकि शहर में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
परकोटा क्षेत्र में रहेगी नो-एंट्री
संजय सर्किल, अजमेरी गेट, न्यू गेट, सांगानेरी गेट, घाट गेट, गलता गेट और रामगढ़ मोड़ से परकोटा क्षेत्र में सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। अन्य इलाकों से आने वाले यातायात को आवश्यकता अनुसार वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।
भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक
रोड नंबर-14 वीकेआई, कालवाड़ पुलिया, सिरसी पुलिया, 200 फीट अजमेर रोड, न्यू सांगानेर मोड़, गोपालपुरा मोड़, ट्रांसपोर्ट नगर चौराहा, धोबीघाट, रामगढ़ मोड़, गलता गेट चौराहा और आमेर तिराहे सहित कई प्रमुख प्रवेश मार्गों से भारी मालवाहक वाहनों की एंट्री पर प्रतिबंध रहेगा।
ताजिया जुलूस के दौरान चौड़ा रास्ता, बड़ी चौपड़, बापू बाजार, जौहरी बाजार, हवामहल बाजार, रामगंज बाजार, घाट गेट बाजार, चांदपोल बाजार, छोटी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार, गणगौरी बाजार, गोपीनाथ मार्ग, इंदिरा बाजार, किशनपोल बाजार, खजाने वालों का रास्ता, एमआई रोड और एमडी रोड सहित कई प्रमुख बाजारों में पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
कर्बला तक निकलेगा ताजिया जुलूस
दोपहर बाद शहर के विभिन्न क्षेत्रों से ताजिए बड़ी चौपड़ पहुंचेंगे। यहां से जुलूस हवामहल बाजार, चांदी की टकसाल, सुभाष चौक, जोरावर सिंह गेट और रामगढ़ मोड़ होते हुए कर्बला जाएगा। जुलूस के दौरान दोपहर से देर रात तक कई मार्गों पर यातायात प्रभावित रहेगा।
3 हजार पुलिसकर्मी, ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी
एडिशनल कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर राजीव पचार के अनुसार शहर के भीतर और बाहरी क्षेत्रों में करीब 3 हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल, सादा वर्दी में इंटेलिजेंस कर्मी, क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) और इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम (ERT) भी तैनात रहेगी। पूरे शहर की निगरानी ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए की जाएगी।
250 से 300 ताजिए निकलेंगे, सिर्फ लाइसेंसधारी जुलूस को अनुमति
जयपुर के विभिन्न मोहल्लों से करीब 250 से 300 छोटे-बड़े ताजिए निकाले जाएंगे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल लाइसेंसधारी ताजियों को ही जुलूस निकालने की अनुमति होगी। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर 17 ताजियों के लाइसेंस रद्द भी किए गए हैं।
सोशल मीडिया पर रहेगी कड़ी निगरानी
मुहर्रम के दौरान पुलिस की साइबर सेल सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखेगी। अफवाह फैलाने, भ्रामक जानकारी साझा करने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आमजन से अपील
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ट्रैफिक डायवर्जन का पालन करें, प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन लेकर न जाएं और भीड़भाड़ से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें, ताकि मुहर्रम का ताजिया जुलूस शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।
Kashish Sain Verified Public Figure • 11 Jun, 2026Sub Editor
Bringing truth from the ground
राजस्थान और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें सरल और प्रभावी अंदाज़ में प्रस्तुत करना, ताकि हर पाठक तक सही जानकारी समय पर पहुँच सके।