जोधपुर में सिजेरियन डिलीवरी के बाद 8 प्रसूताओं की बिगड़ी तबीयत, दो ICU में भर्ती जांच तक बंद किया गया ऑपरेशन थिएटर..
जोधपुर के पावटा डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में सिजेरियन डिलीवरी के बाद 8 प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ गई। इनमें से 2 महिलाओं को किडनी संक्रमण के चलते एमडीएम हॉस्पिटल के ICU में भर्ती कराया गया है, जबकि 6 का इलाज जारी है। मामले की जांच के लिए अस्पताल का ऑपरेशन थिएटर बंद कर दिया गया है और सैंपल लिए गए हैं।
जोधपुर। राजस्थान में सिजेरियन डिलीवरी के बाद प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ने के मामलों के बीच अब जोधपुर के पावटा स्थित डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में भी ऐसा मामला सामने आया है। यहां ऑपरेशन के बाद 8 महिलाओं की हालत खराब हो गई। इनमें से दो प्रसूताओं को किडनी में संक्रमण की समस्या के चलते मथुरा दास माथुर (एमडीएम) हॉस्पिटल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज आईसीयू में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को पावटा डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में कई महिलाओं की सिजेरियन डिलीवरी हुई थी। ऑपरेशन के कुछ समय बाद कुछ प्रसूताओं में संक्रमण, ब्लीडिंग, लो बीपी और अन्य परेशानियां सामने आईं। अस्पताल प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए ऑपरेशन थिएटर को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। अब जांच रिपोर्ट आने तक वहां नए ऑपरेशन नहीं किए जाएंगे।
