नागौर दिशा बैठक: सांसद बेनीवाल का सख्त रुख- सड़कों की गुणवत्ता सुनिश्चित करें, अमृत भारत योजना में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
नागौर में सांसद हनुमान बेनीवाल की अध्यक्षता में दिशा समिति की बैठक हुई, जिसमें पशु मेले, रेलवे, सड़क गुणवत्ता और जेएसडब्ल्यू सीमेंट जैसे मुद्दों पर चर्चा के साथ 54 विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई। कड़ी मॉनिटरिंग और विकास कार्यों में सुधार के लिए ठोस कदम उठाने का निर्णय लिया गया।
जिला विकास समन्वय व निगरानी समिति (DISHA) की बैठक जिला परिषद के सभागार कक्ष में सांसद हनुमान बेनीवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और नागौर के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक की शुरुआत 13 जनवरी की बैठक की पालना रिपोर्ट की समीक्षा के साथ हुई।
सांसद बेनीवाल ने नागौर पशु मेले के महत्व पर जोर देते हुए कहा, "हम नागौर पशु मेले को मरने नहीं देंगे।" उन्होंने परिवहन के दौरान नागौरी बैलों के साथ होने वाली अनियमितताओं को दूर करने की आवश्यकता बताई और मेले के लिए रेल सुविधा पुनः शुरू करने के प्रयासों की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अगली दिशा बैठक से पहले पशुओं के लिए ट्रेन शुरू होनी चाहिए, ताकि मेले की सार्थकता बनी रहे।
रेलवे और सड़क परियोजनाओं पर सख्त रुख
बैठक में सांसद ने अमृत भारत योजना के तहत नागौर रेलवे स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों में लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पुराने निर्माण पर दोबारा काम कर लीपापोती की जा रही है। दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ रेलवे बोर्ड और रेलवे मंत्रालय को पत्र लिखकर कठोर कार्रवाई की मांग की जाएगी। इसके अलावा, मेड़ता-रास और मेड़ता-पुष्कर रेलवे लाइन के लिए मुआवजे में बाजार भाव से दोगुनी कीमत देने का प्रस्ताव भी रेलवे को भेजा जाएगा।