शारदा नायक मौत प्रकरण में समझौता, प्रशासन ने 25 लाख सहायता का दिया आश्वासन
बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में प्रसव के दौरान हुई शारदा नायक की मौत के मामले में कांग्रेस और परिजनों का आंदोलन समाप्त हो गया है।
बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में प्रसव के दौरान हुई शारदा नायक की मौत को लेकर चल रहा विवाद फिलहाल थम गया है। प्रशासन और आंदोलनकारियों के बीच हुई वार्ता के बाद कांग्रेस तथा मृतका के परिजनों ने अपना आंदोलन समाप्त करने की घोषणा कर दी है। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक कोई लिखित समझौता जारी नहीं किया गया है।
आर्थिक सहायता पर बनी सहमति
कांग्रेस देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने बताया कि उपखंड अधिकारी (SDM) राजेश नायक के साथ हुई वार्ता में प्रशासन ने जनसहयोग के माध्यम से मृतका के परिवार को 25 लाख रुपए की तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
इसके अलावा राज्य सरकार को 50 लाख रुपए की अतिरिक्त आर्थिक सहायता स्वीकृत करने के लिए प्रस्ताव भेजने पर भी सहमति बनी है। प्रशासन ने परिवार के एक सदस्य को संविदा पर नौकरी दिलाने का आश्वासन भी दिया है।