झालावाड़ में आतंकी हमले की मॉक ड्रिल: 5 बच्चों को बंधक बनाने का बनाया गया परिदृश्य, सुरक्षा बलों ने छुड़ाया
झालावाड़ के खेल संकुल में आतंकवादी हमले से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए मॉक ड्रिल आयोजित की गई।
झालावाड़ जिले के खेल संकुल में सोमवार को आतंकवादी हमले जैसी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए एक विशेष मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास में 5 आतंकवादियों द्वारा खेल संकुल में घुसकर 5 बच्चों को बंधक बनाने का काल्पनिक परिदृश्य तैयार किया गया।
सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर की घेराबंदी कर दी। इसके बाद सुरक्षा बलों की विशेष टीमों ने संयुक्त अभियान शुरू किया।
ड्रिल के दौरान सुरक्षा बलों ने खेल संकुल के विभिन्न प्रवेश द्वारों से अंदर प्रवेश कर आतंकवादियों की गतिविधियों पर नजर रखी और रणनीतिक तरीके से ऑपरेशन को अंजाम दिया। गोलियों की आवाज और धमाकों के बीच जवानों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए बंधक बच्चों तक पहुंच बनाई।