कोटा JK लोन अस्पताल में डिलीवरी के बाद बिगड़ी महिला की हालत, किडनी फेल होने पर शुरू हुआ डायलिसिस
मध्य प्रदेश की शबाना की कोटा के JK लोन अस्पताल में डिलीवरी के बाद तबीयत बिगड़ गई।
कोटा के जेके लोन अस्पताल में डिलीवरी के बाद गंभीर रूप से बीमार हुई मध्य प्रदेश की शबाना की हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है। महिला को सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक (SSB) के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। बिगड़ती स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने सोमवार से उसका डायलिसिस शुरू कर दिया है।
शबाना के पति अनीस अहमद ने बताया कि उनकी पत्नी को अचानक तेज ब्लीडिंग होने लगी थी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए जेके लोन अस्पताल लाया गया। जांच के दौरान डॉक्टरों को पता चला कि गर्भ में खून का थक्का जमने के कारण नवजात की धड़कनें बेहद कमजोर हो गई थीं। स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने तुरंत ऑपरेशन करने का निर्णय लिया।
डॉक्टरों ने ऑपरेशन के जरिए शबाना की जान बचाने की कोशिश की, लेकिन नवजात को नहीं बचाया जा सका। ऑपरेशन के बाद महिला की स्थिति लगातार गंभीर बनी रही, जिसके चलते उसे मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में शिफ्ट कर दिया गया।